नगर परिषद की टीम अवैध लगी रेहड़ी और सामान को जब्त करती: संवाद
सुबह सात बजे निरीक्षण करने के लिए पहुंची टीम ने गाड़ी में भरकर नप कार्यालय पहुंचाया सामान
गांधी गेट से चार रेहड़ियां जब्त, दो दिन की चेतावनी के बाद सख्त कार्रवाई
शहर की सड़कों पर शनिवार की सुबह किसी अलार्म से कम नहीं रही। नगर परिषद की टीम ने न सिर्फ अवैध कब्जों को हटाया, बल्कि यह भी जता दिया कि नियमों की अनदेखी की कोई गुंजाइश नहीं बचेगी। बिना परमिट रेहड़ी लगाने वालों पर कार्रवाई की गई। बार-बार हिदायत देने के बाद भी अवैध रेहड़ियां सजाने वालों की रेहड़ियों को जब्त किया। रोजमर्रा की तरह रेहड़ी लगाने के लिए पहुंचे लोग रेहड़ियों की तलाश में भटकते नजर आए। वीरवार और शुक्रवार को नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रेहड़ी धारकों को बिना अनुमति रेहड़ियां न लगाने की चेतावनी दी थी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। दिन : शनिवार, समय : सुबह 7 बजे, स्थान : जिला डाकघर के समीप। नगर परिषद के कर्मचारी पैदल और वाहन लेकर जिला डाकघर के समीप पहुंचे। यहां बिना अनुमति प्रतिबंधित जगह पर सामान से लदी रेहड़िया फिर से लग चुकी हैं। नप के कर्मी रेहड़ियां निकालकर मुख्य चौक, पुलिस चौकी, मिलेनियम गेट से होते हुए नप कार्यालय के बाहर ले गए। रेहड़ियों पर रखे सामान को गाड़ी में डाला। गाड़ी भी सामान लेकर निर्धारित जगह पर चली गई। नगर परिषद की कार्रवाई को देखने के लिए सुबह की सैर करने निकले लोग एकत्रित हो गए। कर्मचारियों ने साफ किया कि वे प्रशासन और नप के आदेशों की पालना कर रहे हैं। सुबह 8 बजे टीम ने शहर का निरीक्षण किया। देखा कि कोई बिना परमिट रेहड़ी तो नहीं लगी है। सुबह 9 बजे फिर टीम गांधी गेट के पास पहुंची। नियमों का उल्लंघन कर लगाईं चार रेहड़ियों को नगर परिषद की टीम ने सामान सहित जब्त कर लिया। रेहड़ी धारक अभी रेहड़ी के पास नहीं पहुंचे थे। टीम ने उन्हें तोड़कर गाड़ियों में नगर परिषद कार्यालय पहुंचाया। सुबह 7:30 बजे पोस्ट ऑफिस के पास ढकीं बिना परमिट की रेहड़ियों का सामान जब्त कर लिया।
वापस नहीं होगा जब्त किया सामान : कौशल
नगर परिषद की टीम ने स्पष्ट किया है कि पहले चरण में केवल चेतावनी दी गई है। नियमों का पालन नहीं हुआ तो सख्ती की जाएगी। कार्रवाई के दौरान जब्त रेहड़ियों को वापस नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण भी किया। बिना अनुमति रेहड़ी न लगाने की अंतिम चेतावनी जारी की। नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर की व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है। उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है। शहर में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।