चंबा। नर्सिंग का प्रशिक्षण हासिल कर रहीं 13 प्रशिक्षु नर्सों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रशिक्षु नर्सों की तबीयत बिगड़ने के बाद नर्सिंग हॉस्टल के स्टाफ में खलबली मच गई।
नर्सिंग हॉस्टल प्रबंधन ने प्रशिक्षु नर्सों को जैसे-तैसे कर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां तैनात स्टाफ ने बेसुध प्रशिक्षु नर्सों का उपचार शुरू किया। इसके बाद मंगलवार सुबह तक 7 प्रशिक्षु नर्सों की हालत में सुधार होने पर उन्हें हॉस्टल भेजा गया। शेष बची 6 प्रशिक्षु नर्सों को चिकित्सीय टीम ने अपनी निगरानी में रखा। दोपहर बाद प्रशिक्षु नर्सों की हालत में सुधार होने पर उन्हें भी हॉस्टल भेज दिया गया। बहरहाल, मामले की भनक लगते ही मेडिकल कॉलेज चंबा के प्राचार्य ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यों की कमेटी गठित कर 72 घंटों में जांच रिपोर्ट सौंपने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, पुलिस में मामला पहुंचने के बाद पुलिस भी अपने स्तर पर मामले की जांच में जुट गई है।
यह मामला जिले के एक नर्सिंग हॉस्टल में सामने आया है। बताया कि जा रहा है कि सोमवार रात कूलर का पानी पीने के बाद प्रशिक्षु नर्सें सो गईं और मध्यरात्रि अचानक एक-एक कर प्रशिक्षु नर्स की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टियां और दस्त शुरू हो गए। शरीर में पानी की कमी होने से बेसुध होने लगीं। हॉस्टल वार्डन को इसकी सूचना मिली। वार्डन ने प्रशिक्षुओं को वाहन के जरिये मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी ने पानी के कूलर में फिनाइल की गोलियां डाली हो सकती हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नर्सिंग हॉस्टल के वाटर कूलर में फिनाइल की गोलियां किसने डालीं।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसएस डोगरा ने बताया कि नर्सिंग स्कूल की प्रधानाचार्य ने उन्हें जानकारी दी है। उन्होंने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यों की कमेटी बनाई है। कमेटी में जीएनएम स्कूल की प्रधानाचार्य, वार्डन, जीएनएम स्कूल की नर्स और दो एसोसिएट प्रोफेसर शामिल हैं। जांच कमेटी 72 घंटे में रिपोर्ट सौंपेंगी। पुलिस भी अपने स्तर पर जांच कर रही है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बिपन ठाकुर ने बताया कि प्रशिक्षु नर्सों को सोमवार मध्य रात्रि को उपचार के लिए लाया गया। सुबह कुछ लड़कियों को हॉस्टल भेज दिया गया। शेष लड़कियों को मंगलवार दोपहर बाद उपचार के बाद हॉस्टल भेजा गया। अब प्रशिक्षु नर्सों की हालत में सुधार है।
सदर थाना प्रभारी संजीव चौधरी ने बताया कि सोमवार मध्यरात्रि नर्सिंग स्कूल की लड़कियों की तबीयत बिगड़ने और मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के लिए पहुंचाने संबंधी फोन पर सूचना मिली। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच में जुट गई है।