चंबा की क्रेंद्रिय प्राथमिक पाठशाला कियाणी में मीड डे मिल के तहत दोपहर का भोजन तैयार करता स्टाफ
चंबा। दिन : वीरवार। समय : सुबह 10:30 बजे। स्थान : राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला कियाणी। स्कूल में बच्चे कक्षाओं में बैठे हैं। रसोईघर में अध्यापक मिड-डे मील तैयार कर रहे हैं। केंद्रीय मुख्य शिक्षक कड़छी पकड़कर दाल बना रहे हैं तो एक अध्यापिका चावल पका रहीं हैं। स्कूल स्टाफ को यह व्यवस्था मिड-डे मील वर्करों की हड़ताल के कारण करनी पड़ी।
हालांकि इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों के लिए खाना बनाया और साथ ही पढ़ाई भी जारी रही। जिला चंबा के समस्त स्कूलों के मिड-डे मील वर्कर हड़ताल पर रहे है। शिक्षकों ने बताया कि इस बारे में विभाग की ओर से पहले ही सूचित कर दिया था। विभाग ने अग्रिम तैयारियां करते हुए स्कूल प्रबंधन को उचित व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए थे, ताकि मिड-डे मील की व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्हाेंने इसे प्रभावित होने भी नहीं दिया। खाना बनाने के लिए शिक्षकों ने बच्चों को खाना परोसा और इसके बाद कक्षाएं लगाईं। कुल मिलाकर मिड-डे मील वर्करों की हड़ताल के बावजूद नौनिहालों को मिड-डे मील परोसने में शिक्षकों के प्रयास सराहनीय रहे।
उधर, कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को उचित व्यवस्था करने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए थे। सभी जगह बच्चों को मिड-डे मील परोसा गया।
स्थायी नौकरी, उचित वेतनमान की मांग को लेकर हड़ताल पर
मिड-डे मील वर्कर स्थायी नौकरी, उचित वेतनमान सहित अन्य लाभों को लेकर काफी समय से आंदोलन कर रहे है। इससे पहले भी कई बार मिड-डे मील वर्करों ने हड़ताल की। वीरवार को वे एक दिन के अवकाश पर रहे और अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।
सरोल में भी शिक्षकों ने तैयार किया खाना
कियाणी स्कूल के बाद संवाददाता पूर्वाह्न 11:20 बजे केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला सरोल में पहुंचे। यहां भी बच्चों के लिए मिड-डे मील शिक्षकों ने ही बनाया। अध्यापकों ने बारी-बारी से जहां बच्चों को पढ़ाया। साथ ही खाना बनाकर परोसा भी।