भरमौर चौक के पैदल रास्ते पर पड़ा बड़ा छेद:
चंबा। भरमौर चौक की ओर जाने वाला फुटपाथ टूटा-फूटा है। पैदल चलने वालों के साथ कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की संभावना है। फुटपाथ के टूटने से गहरा छेद पड़ गया है, जिससे राहगीर और आसपास के स्कूलों के विद्यार्थी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों में प्रकाश चंद, अनिल कुमार, दलीप कुमार, संदीप कुमार, महिंद्र कुमार का कहना है कि नगर परिषद द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि नगर परिषद चालान काटने में तो माहिर है लेकिन शहर की सड़कों, फुटपाथ और विकास कार्यों पर ध्यान नहीं देती। नगर परिषद की अनदेखी के कारण कई जगह टूटी-फूटी सड़कें और फुटपाथ अब खतरनाक हालात में हैं। चालान पर तो तुरंत कार्रवाई की जाती है लेकिन आवश्यक विकास कार्यों और मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जाता। इससे लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी परेशानी और जोखिम उठाना पड़ रहा है। वहीं, नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर का कहना है कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। जल्द समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।