76 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई के लिए नहीं रहेगी पानी की किल्लत
5.95 करोड़ की धनराशि से हो रहा बहाव सिंचाई योजना का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। साहो क्षेत्र में 76 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई के लिए अब पानी की किल्लत नहीं सताएगी। 5.95 करोड़ की धनराशि से क्षेत्र में बहाव सिंचाई योजना का निर्माण किया जा रहा है।
इसमें 5.50 किलोमीटर लंबी कूहल का निर्माण होगा जबकि चार किलोमीटर अतिरिक्त लाइन बनाई जाएंगी। इसके जरिये कूहल का पानी खेतों तक पहुंचाया जाएगा। चंबा विधानसभा क्षेत्र में साहो क्षेत्र में सब्जी और अन्य फसलों का उत्पादन सबसे अधिक होता है। पानी का घटता जलस्तर क्षेत्र में सिंचाई में बाधा पैदा कर रहा था। इसके समाधान के लिए स्थानीय लोग कूहल का निर्माण करवाने की मांग कर रहे थे।
जल शक्ति विभाग ने सिंचाई बहाव योजना का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा था। इसकी स्वीकृति मिलने पर विभाग ने निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया है। 200 से अधिक किसानों को कूहल के पानी से अपने खेतों में सिंचाई करने की सुविधा प्राप्त होगी। किसानों में चैन लाल, हंसराज, देसराज, मनोज कुमार, चमन सिंह, भाग चंद और रवि कुमार ने बताया कि कूहल बनने से क्षेत्र में सिंचाई के लिए सूखापन अब खत्म होगा। उन्होंने विभाग से मांग की है कि कूहल के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि साहो क्षेत्र में बहाव सिंचाई योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। एक साल के भीतर इस कार्य को पूर्ण करने के लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। गुणवत्ता की जांच करने के लिए समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है।