चौबिया पंचायत के ऊंगी गांव में मकान की छत के साथ बांधी बिजली की तार।
- फोटो : Chamba
चंबा। चौबिया पंचायत के ऊंगी गांव में बिजली बोर्ड की लापरवाही कभी भी ग्रामीणों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। बोर्ड कर्मियों ने कार्य निपटाने के लिए जोगिंद्र कुमार पुत्र किस्सो राम के मकान की छत और सेब के पेड़ के साथ बिजली के तार बांध दिए हैं। इसके चलते आए दिन हादसे का खतरा बना हुआ है।
प्रभावित परिवार ने कई बार बोर्ड के अधिकारियों को इसके बारे में अवगत करवाया लेकिन, बिजली के तारों को यहां से हटाया नहीं गया है। इससे प्रभावित परिवार में बिजली बोर्ड प्रबंधन के प्रति में रोष है। गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बिजली बोर्ड प्रबंधन के कर्मी काम निपटाने के चक्कर में हरे-भरे पेड़ों और लोगों के घरों के साथ ही बिजली के तारों को बांध देते हैं, जो हादसों को न्योता देते हैं। ऐसा ही मामला कबायली क्षेत्र भरमौर की चौबिया पंचायत के ऊंगी गांव में सामने आया है। सेब के पेड़ के साथ बांधे बिजली के तार के कारण प्रभावित परिवार समय पर सेब प्रूनिंग और तुड़ान संबंधी कार्य नहीं कर पा रहा है। प्रभावित ने साफ किया है कि जल्द समस्या का समाधान न होने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की जाएगी।
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता पवन शर्मा ने बताया कि उनके पास शिकायत पहुंची है। संबंधित क्षेत्र के सहायक अभियंता को समस्या के समाधान के बारे में निर्देश जारी किए गए हैं।