चंबा शहर की फोटो, नगर परिषद की खबर के साथ
गलत सर्वे से बढ़ा टैक्स बोझ, दो साल का बिल एक साथ आने से शहरवासी परेशान
बीते वर्ष किए गए सर्वे में सामने आई हैं कई त्रुटियां
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर में गृहकर को लेकर बढ़ती परेशानियों के बीच नगर परिषद की ओर से निदेशालय को भेजे पत्र का अभी तक जवाब नहीं आया है।
करीब एक माह पहले नगर परिषद ने शहर में हाउस टैक्स के दोबारा सर्वे की मांग को लेकर पत्र भेजा था। स्थिति जस की तस है। निदेशालय की ओर से बीते वर्ष किए गए सर्वे में कई वार्डों में गलत नंबर और अन्य त्रुटियां सामने आई हैं। कई मकान मालिकों का हाउस टैक्स असामान्य रूप से अधिक आ रहा है जबकि कुछ को टैक्स से जुड़े कोई मैसेज ही प्राप्त नहीं हो रहे। लोग बार-बार नगर परिषद के चक्कर काटने को मजबूर हैं। शहरवासियों की नाराजगी का एक बड़ा कारण यह भी है कि उन्हें एक साथ दो वर्षों का हाउस टैक्स आ रहा है। एडवांस में अगले वर्ष का टैक्स वसूला जा रहा है। कई में हाउस टैक्स राशि 5 हजार से लेकर 90 हजार रुपये तक पहुंच रही है। इस मुद्दे को लेकर पहले भी नागरिकों ने उपायुक्त को पहले ज्ञापन सौंपकर राहत की मांग की थी लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। फिलहाल, शहरवासी जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि कार्यालय की ओर से निदेशालय को पत्र भेजा गया था लेकिन अभी तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए निदेशालय को दोबारा इस विषय में अवगत करवाया जाएगा।