रूंगड़ी नाला में दो साल निर्माणाधीन डंगा। -संवाद
धरवाला (चंबा)। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बग्गा के पास स्थित रूंगड़ी नाला में डंगे का निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से धीमी गति से चल रहा है। इससे एनएच पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्य की गति इतनी धीमी है कि अब तक 50 फीसदी से भी कम कार्य पूरा हो सका है। हालांकि, विभागीय अधिकारी इस बारे में कोई ठोस कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं। अब यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिरकार इस धीमी गति के पीछे किसका स्वार्थ छिपा है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कार्य की गति बहुत ही धीमी है और इसकी वजह से उन्हें रोज़ाना की यात्रा में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी जैसे धनी राम शर्मा, पवन शर्मा, टेक चंद शर्मा, राजू कुमार, और अन्य ने जिला प्रशासन से इस कार्य को शीघ्र पूरा करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस कार्य को यदि जल्द पूरा नहीं किया गया तो क्षेत्र में यातायात की समस्या और बढ़ सकती है, जिससे हर वर्ग को दिक्कत होगी।
उधर, एनएच के अधिशासी अभियंता मीत शर्मा ने कहा कि कार्य में देरी बजट की कमी के कारण हो रही है। जैसे ही बजट का प्रावधान होगा, इस कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा।