... शहर की रफ्तार इन दिनों पहियों पर नहीं, अतिक्रमण की गिरफ्त में चल रही है। पोस्ट ऑफिस के आसपास का इलाका ऐसा जाम-जोन बन चुका है जहां हर मिनट लोगों के धैर्य और व्यवस्था की परीक्षा लेता है। रेहड़ियों, दुकानों और बेतरतीब कब्जों के बीच सड़क जैसे गायब हो गई हो। न पैदल चलने की जगह, न वाहनों के निकलने की गुंजाइश। हालात ऐसे हैं कि हर दिन यहां सफर करना, जंग जीतने जैसा महसूस होने लगा है।
-
जाम के जाल में उलझी शहर की रफ्तार
सड़कों पर अवैध रेहड़ियों का कब्जा, पोस्ट ऑफिस के पास बना जाम का स्थायी केंद्र
नगर परिषद की कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति, राहगीर और वाहन चालक बेहाल
वाहनों से बच-बचकर निकलते रहे राहगीर, शहर में अवैध कब्जों से सिकुड़ी सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। दिन : शनिवार, समय : सुबह 11:20 बजे, स्थान : चंबा शहर। पोस्ट ऑफिस के पास दुकानदारों और अवैध रेहड़ी धारकों ने सड़क तक सामान फैलाकर कब्जा कर लिया है। इससे पैदल चलने की जगह नहीं बची है। देखते ही देखते 11:30 बजे के बाद चौक से लेकर पोस्ट ऑफिस तक वाहनों की कतारें लग गईं। एक तरफ जाम, दूसरी तरफ राहगीर भी फंसे रहे। दोनों तरफ रेहड़ियां और बीच में वाहन चल रहे थे। राहगीर गाड़ियों से बच-बचकर निकल रहे थे। दोपहर 12 बजे अस्पताल लाइन के पास भी कई धारकों ने अवैध रेहड़ियां सजाईं तो कुछ ने बंद कर वहीं खड़ी कर दीं। इससे अस्पताल जाने वाले लोग तो परेशान रहे ही, गाड़ियां भी फंसी रहीं। दोपहर 12:15 बजे शहर के मेन बाजार में एक तरफ गाड़ियां खड़ी दिखीं, दूसरी ओर दुकानदारों ने सड़कों पर ही सामान सजा दिया था। इससे राहगीर आवाजाही करते समय परेशान दिखे। बता दें कि अवैध रेहड़ियों से वाहनों का जाम तो लगता ही है, संकरी हो चुकीं सड़कों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार लोग आपात स्थिति में भी समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। भारी दबाव और अनियमित यातायात के चलते सड़कें उखड़ रही हैं। गड्ढों की संख्या लगातार बढ़ रही है जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
पोस्ट ऑफिस के पास से गुजरना सबसे मुश्किल काम हो गया है। रोज लेट हो रहे हैं। कोई स्थायी व्यवस्था नजर नहीं आती। कई बार गाड़ियों के टकराने का डर लगा रहता है। - कुंती देवी, राहगीर
पहले सड़क चौड़ी थी तो चलने-फिरने में कोई दिक्कत नहीं होती थी। अब धक्का-मुक्की और वाहनों से टकराते हुए जाना पड़ता है। बच्चों के साथ गुजरना मुश्किल हो जाता है। - पीपला देवी, राहगीर
बार-बार हिदायत देने और कार्रवाई करने के बाद भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। अवैध रूप से रेहड़ी लगाने वालों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। - राखी कौशल, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद
अभियान चलाया, अब फिर अतिक्रमण से भरीं सड़कें
शहर में अवैध रेहड़ी-फड़ी और सड़क के किनारे किए जा रहे अतिक्रमण ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। पोस्ट ऑफिस के आसपास का क्षेत्र अब जाम का स्थायी हॉटस्पॉट बन चुका है। दिनभर यातायात बाधित होताहै। नगर परिषद ने बीते माह पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। इसमें कुछ हद तक राहत जरूर मिली थी लेकिन कुछ ही समय में सड़कें फिर से रेहड़ियों, अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण से भर गईं।