साहो (चंबा) चंबा से सेरी उटीप रूट पर चलने वाली सरकारी बस के निर्धारित अंतिम पड़ाव बाट पंचायत से तीन किलोमीटर पहले ही वापस लौटने लोग परेशान हैं।
बाट पंचायत निवासी नर शिंह, रमेश शर्मा, सुनील कुमार, अशोक कुमार, रविंद्र कुमार और रोशन लाल ने बताया कि इस समस्या को लेकर परिवहन निगम के समक्ष कई बार मांग रखी जा चुकी है। बावजूद इसके स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
उनका कहना है कि विभाग की इस लापरवाही का सीधा असर आम जनता, विशेषकर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बस सेवा के आधे रास्ते से ही लौटने के कारण बच्चों को प्रतिदिन अतिरिक्त दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। इससे न केवल उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है बल्कि उनकी सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। बुजुर्गों, महिलाओं और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगाें ने परिवहन निगम से मांग की है कि इस रूट पर बस सेवा को नियमित और निर्धारित समयानुसार संचालित किया जाए। साथ ही, बीच रास्ते से बस लौटाने पर तत्काल रोक लगाई जाए।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि मामला ध्यान में लाया गया है। इस समस्या का जल्द समाधान करवा दिया जाएगा।