साढ़े तीन घंटे सड़क पर फंसी रहीं 25 सवारियां, दूसरी बस से भेजा गंतव्य तक
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। डलहौजी-चकोतर रूट पर शनिवार शाम को एचआरटीसी की बस तकनीकी खराबी आने से बंद हो गई। इससे बस में सवार करीब 25 यात्रियों को साढ़े तीन घंटे तक सड़क के किनारे इंतजार करना पड़ा।
डलहौजी से निर्धारित रूट पर रवाना हुई बस बनीखेत से करीब चार किलोमीटर दूर बौंखरी मोड़ के समीप खराब हो गई। चालक और परिचालक के प्रयासों के बावजूद बस दोबारा चालू नहीं हो सकी।
बस में सवार कई यात्रियों को चमेरा झील पार कर किश्ती के माध्यम से गंतव्य तक पहुंचना था लेकिन बस खराब होने के कारण वे समय पर नहीं पहुंच सके। डैम क्षेत्र से होकर गुजरने वाले इस रूट पर बसों की संख्या पहले से ही कम होने के कारण यात्रियों को रात करीब आठ बजे टांडा-भंजराड़ू रूट की बस मिलने के बाद ही आगे रवाना किया जा सका।
यात्री मुनीश कुमार, आनंद सिंह, राम मोहन, केवल कुमार, नितीश कुमार और रंजना देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि कई यात्रियों को बस से उतरने के बाद पैदल गांवों तक जाना था। बस खराब होने से उन्हें देर रात तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने सरकार और परिवहन निगम से मांग की कि जिन रूटों पर बसों की संख्या कम है, वहां केवल तकनीकी रूप से फिट बसों का ही संचालन सुनिश्चित किया जाए। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारणों की जांच कराई जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।