चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह के चिल्ली गांव में बालिका आश्रम का चार करोड़ से बना आधुनिक भवन उद्घाटन की राह ताक रहा है। जानकारी के अनुसार चिल्ली में संचालित बालिका आश्रम वर्तमान में किराये के भवन में चल रहा था। इसके बाद एनएचपीसी की ओर से इस भवन के निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये की राशि जारी की। भवन के निर्माण के दौरान आश्रम की 33 अनाथ बच्चियों को अस्थायी रूप से चंबा शिफ्ट कर दिया।
हैरानी की बात तो यह है कि भवन का निर्माण कार्य मार्च में पूरा हो चुका है। ऐसे में अभी तक इसका उद्घाटन नहीं किया गया है। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, सुनील कुमार, अजय कुमार, रेखा देवी, अमिता देवी, सुनीता देवी, राज कुमार, अमरेंद्र सिंह और शक्ति प्रसाद ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द इस भवन का शुभारंभ किया जाए।
इस बारे में सरकार को अनुमति पत्र भेजा है। जैसे ही सरकार के निर्देश होंगे, नया भवन सुचारु कर दिया जाएगा।
कमल किशोर शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग
अनाथ बच्चियों के लिए बनाया भवन पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें रहने, खाने-पीने, पढ़ाई-लिखाई और खेलकूद के सभी प्रावधान किए हैं, लेकिन अभी तक विद्यार्थियों को यह सौगात नहीं मिल पा रही है।