मियाड़ीगला में एंबुलेंस तो पहुंची पर दोबारा नहीं हुई स्टार्ट
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहो से मंगवाई गई दूसरी एंबुलेंस
देर रात दो से तीन घंटे तक दर्द से रही तड़पती रही युवती
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। चंबा मेडिकल कॉलेज से मरीज को लेने जा रही एंबुलेंस मियाड़ीगला पहुंचने पर खराब हो गई। यह मामला सोमवार देर रात का है। खराब एंबुलेंस सड़क की एक तरफ खड़ी की गई जबकि परिजनों ने दोबारा 108 एंबुलेंस सेवा को दूरभाष के जरिये मंगवाने का प्रयास किया। इसके बाद एंबुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहो से देर रात दो बजे पहुंची जो मरीज को लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हुई। यहहां दर्द से कराह रही युवती को उपचार दिया गया। अब युवती की तबीयत में सुधार है।
जानकारी के मुताबिक मियाड़ीगला निवासी 23 वर्षीय युवती की छाती में अचानक दर्द उठा। पिता प्रताप चंद ने एंबुलेंस सेवा को फोन किया। दस बजे एंबुलेंस प्रबंधन को सूचना दी गई। 11 बजे एंबुलेंस मौके पर पहुंची। परिजन जैसे ही मरीज को लाने के लिए गए तो एंबुलेंस खराब हो गई। पायलट ने काफी कोशिश की लेकिन एंबुलेंस स्टार्ट नहीं हो पाई। इसके बाद दूसरी एंबुलेंस मंगवाई गई जो करीब डेढ़ घंटे बाद मियाड़ीगला पहुंची। इसके बाद मरीज को एबुलेंस के जरिये मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। करीब तीन घंटे तक युवती दर्द से कराहती रही। गौरतलब है कि सरकार ने मरीजों को राहत देने के मकसद से एंबुलेंस सेवा शुरू की है लेकिन एंबुलेंस मरीजों को अस्पताल पहुंचाने से पहले ही खराब हो रही हैं। प्रताप चंद ने हैरानी जताते हुए कहा कि नाम तो मेडिकल कॉलेज है लेकिन एंबुलेंस गाड़ी एक ही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस सुविधा को बेहतर किया जाए।
108 एंबुलेंस कैरिंग ऑफिसर दिनेश कुमार ने बताया कि समय-समय पर एंबुलेंस की मरम्मत का कार्य करवाया जाता है। बताया कि एंबुलेंस में तकनीकी खराबी आने पर दूसरी एंबुलेंस मरीज को लाने के लिए मौके पर भेज दी गई थी। इसमें मरीज को लाकर मेडिकल कॉलेज चंबा में दाखिल करवाया गया है।