सड़क और आसपास अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने दिए आदेश
हरदासपुरा वार्ड के मोहल्ला मुगला में अतिक्रमण करने वालों पर शिकंजा कसेगा प्रशासन
पंकज सलारिया
चंबा। हरदासपुरा वार्ड के मोहल्ला मुगला में गली नंबर एक से बनी सड़क की जल्द निशानदेही करवाई जाएगी। सड़क और आसपास अतिक्रमण व अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निशानदेही के बाद सरकारी भूमि और सड़क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर अतिक्रमण कारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत में कहा गया है कि मुगला में गली नंबर एक से बनी सड़क के आसपास कुछ लोगों ने अतिक्रमण किया है। इससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने के साथ आवाजाही में भी दिक्कतें आ रही हैं। अवैध कब्जों की भी जांच करवाने की मांग की गई है। प्रशासन ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर सड़क की निशानदेही करने के निर्देश दिए हैं। सड़क की सीमा और आसपास की सरकारी भूमि की स्थिति की जांच की जाएगी। जांच में सरकारी भूमि या सड़क की सीमा में अतिक्रमण अथवा अवैध कब्जा पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी। यह सड़क नगर परिषद की ओर से बनाई गई है। हालांकि, यहां पहले नाला था, इसकी चौड़ाई करीब तीस फीट थी मगर अतिक्रमण और कब्जे की बदौलत अब यह नाला सड़क तो बन गया है। चौड़ाई पांच से सात फट ही रह गई है। प्रशासन ने निशानदेही के आदेश तहसीलदार को दिए हैं।
एसडीएम चिराग शर्मा ने बताया कि जहां सड़क बनी है, वहां पहले नाला था। राजस्व रिकॉर्ड के तहत नाले की चौड़ाई ज्यादा है जबकि सड़क की चौड़ाई बहुत ही कम है। ऐसे में अतिक्रमण और अवैध कब्जे की सुगबुगाहट के चलते निशानदेही करवाई जाएगी।