डलहौजी, खज्जियार, भरमौर और पांगी में सड़क बहाली से लेकर राशन, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी के निर्देश
संभावित भारी हिमपात के मद्देनजर मशीनरी की होगी तैनाती, पर्यटकों की सुरक्षा और संचार व्यवस्था पर भी रहेगा फोकस
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पहाड़ों पर बर्फ की मोटी चादर बिछने से पहले जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने की कवायद शुरू कर दी है।
संभावित भारी बर्फबारी को देखते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी विभागों को आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधन जुटाने और तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वीरवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ किया कि हिमपात के दौरान जनजीवन और जरूरी सेवाओं की रफ्तार नहीं थमनी चाहिए।
लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को डलहौजी, खज्जियार, बनीखेत, भरमौर और पांगी में सड़कें खोलने के लिए मशीनरी, उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात रखने को कहा गया। दोनों विभाग आपसी तालमेल से काम करेंगे। एसडीएम अपने क्षेत्रों में तैयारियों की निगरानी करेंगे और संवेदनशील स्थानों पर संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में विद्युत विभाग ट्रांसफार्मर, उपकरण और अतिरिक्त कर्मचारी तैयार रखेगा। जल शक्ति विभाग पाइपलाइनों की सुरक्षा और नियमित पेयजल आपूर्ति पर ध्यान देगा। स्वास्थ्य विभाग दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक और रैपिड रिस्पांस टीम तैयार रखेगा। दुर्गम क्षेत्रों में खाद्यान्न की किल्लत न हो, इसके लिए पहले से राशन पहुंचाया जाएगा।
डलहौजी, खज्जियार और मणिमहेश में पर्यटकों की सुरक्षा, आवाजाही और परमिट व्यवस्था की समीक्षा होगी। वहीं, दूरसंचार विभाग को मोबाइल टावरों के लिए पर्याप्त ईंधन और वैकल्पिक ऊर्जा के इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि बर्फबारी के बीच भी नेटवर्क सेवा चालू रहे।