चंबा। चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक सोमवार को रावी व्यू कैफे चंबा में हुई। इस दौरान शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन और नगर परिषद द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना की गई और इसे सही बताया।
विशेष रूप से नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल के प्रयासों की प्रशंसा की गई, जिनके नेतृत्व में मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों से कब्जाधारियों और बिना परमिट वाले रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाकर आम नागरिकों के लिए आवागमन के मार्ग को सुगम बनाया गया।
संगठन ने इस पहल को चंबा शहर की सुंदरता और स्वच्छता की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। एसोसिएशन ने लोगों से शहर की स्वच्छता, सुंदरता और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने और भविष्य में किसी भी प्रकार का कब्जा न करने का आग्रह किया।
बैठक की शुरुआत संगठन के प्रधान ओमप्रकाश गोस्वामी की पुत्री की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वहीं, चंबा के प्रसिद्ध मूर्तिकार एवं शिल्पकार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रकाश आनंद के निधन पर भी गहरी संवेदना व्यक्त की गई और उनकी कला सेवाओं को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में सत्य प्रसाद वेद, ईश्वरी प्रसाद शर्मा, जगन्नाथ बाली, सुरेश कश्मीरी, चैन लाल शर्मा, रामचंद्र धीमान और दयाराम गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।