महिलाओं के लिए आरक्षित है जिला परिषद चंबा का अध्यक्ष पद
तीन निर्दलीय उम्मीदवारों में अनुभवी, दिग्गज इंदिरा कपूर भी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला परिषद चंबा में अध्यक्ष पद की जंग रोचक होने जा रही है। महिलाओं के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद के लिए अब जोड़-तोड़ शुरू हो रही है। हालांकि, तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव जीता है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि चौथी बार जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीतने वाली इंदिरा कपूर का नाम भी निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच है। अनुभव के मामले में इंदिरा कपूर सबसे आगे हैं। 18 वार्डों वाली जिला परिषद चंबा में दस महिला उम्मीदवारों ने चुनाव जीता है। इनमें जहां वरिष्ठता में इंदिरा कपूर का नाम शामिल है। वहीं, उन्होंने फिलहाल भाजपा और कांग्रेस का समर्थन लेने के मामले पर दूरी ही बनाई है। खुद को निर्दलीय श्रेणी में रखा है। माना ज रहा है कि जिला परिषद की सरदारी के लिए कांग्रेस खुद को आश्वस्त मान रही हैं। दावा है कि दस कांग्रेस समर्थित जिला परिषद सदस्यों ने चुनाव जीता है। भाजपा समर्थित पांच ही उम्मीदवार जीते हैं। तीन सीटें निर्दलीय के नाम रहीं। बहरहाल, अब आगामी दिनों में ही स्थिति स्पष्ट होगी कि कौन जिला परिषद का सरदार बनेगा और किस दल समर्थित जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी कब्जाएगा।