चंबा के एक सरकारी भवन में बिजली क्नेशन काटता कर्मचारी।संवाद
चंबा। शहर में बिजली बोर्ड ने लंबित बिलों के चलते उपभोक्ताओं पर शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार को बोर्ड की टीम ने करीब 10 सरकारी भवनों सहित कुछ स्कूलों के कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिए।
जानकारी के अनुसार लंबित बिलों के कारण करीब 2,000 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें 250 सरकारी कार्यालय और शेष अन्य उपभोक्ता शामिल हैं। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से कुल करीब 55 लाख रुपये की राशि वसूलनी है, जिसमें सरकारी कार्यालयों के पास ही लगभग 16 लाख रुपये बकाया है। इसमें सरकारी कार्यालयों सहित कुछ स्कूल भवन शामिल है। बोर्ड की इस कार्रवाई से उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
हालांकि बोर्ड की ओर से पहले भी बिजली बिल जमा करवाने आदेशित किया गया है। मगर अब तक इन उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाना उचित नहीं समझा है। उधर, सहायक अभियंता टीआर ठाकुर ने बताया कि करीब 2,000 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन वे बिल नहीं भर रहे हैं। बोर्ड पेंडेंसी को निकलवाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।