चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजनगर में फटे तालू के कारण बोलने में असमर्थ किशोर का टांडा मेडिकल कॉलेज में मुफ्त इलाज होगा। शुक्रवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने डॉक्टर वीनस पुरी की अगुवाई में स्कूल में पढ़ने वाले 120 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की। इन बच्चों में खून की कमी को लेकर भी जांच की गई।
स्वास्थ्य जांच शिविर में एक 14 वर्षीय किशोर फटे तालू से पीड़ित मिला। इसकी वजह से उसे बोलने में परेशानी हो रही थी। किशोर का अब टांडा में मुफ्त ऑपरेशन होगा। स्कूल में 14 बच्चे आंख की बीमारी से ग्रसित मिले। इन बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया है जहां पर बच्चों की आंख की बीमारी का सारा इलाज मुफ्त किया जाएगा। प्राथमिक स्कूल में 10 वर्षीय बच्ची जो समझने में कमजोर थी उसे यही समझ नहीं आ रहा था कि उसे क्या करना चाहिए और क्या नहीं। इस बच्ची को टीम ने टांडा मेडिकल कॉलेज में बाल मनोचिकित्सक के पास आगामी जांच के लिए रेफर किया है। खंड चिकित्सा अधिकारी पुखरी डॉक्टर नवदीप राठौर ने बताया कि जो भी बच्चे रेफर हुए हैं उनकी बीमारी का इलाज मुफ्त किया जाएगा।