पांगी (चंबा)। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ पांगी ने आवासीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने लंबित मांगों और आवश्यक सुविधाओं को जल्द पूरा करने की अपील की। यह ज्ञापन संघ के अध्यक्ष निहाल शर्मा और महासचिव चमन शर्मा की ओर से दिया गया।
संघ ने बताया कि शिक्षा खंड पांगी में कार्यरत शिक्षकों को वर्ष 2026 का अग्रिम वेतन नवंबर तक जारी नहीं हुआ है। यह वेतन प्रतिवर्ष सितंबर में मिलना चाहिए। संघ ने इसे तुरंत जारी करने की मांग की। सर्दियों में स्कूलों में हीटिंग व्यवस्था बनाए रखने के लिए एलपीजी सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। संघ के अनुसार, पहली खेप में कुछ स्कूलों को जरूरत के मुताबिक सिलिंडर नहीं मिले थे इसलिए दूसरी खेप जल्द उपलब्ध कराई जाए।
संघ ने वर्ष 2026 में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन न होने पर चिंता जताई। ये प्रतियोगिताएं 2009 से नियमित होती रही हैं। संघ ने इन्हें दोबारा शुरू करने और बजट उपलब्ध करवाने की मांग की। अतिरिक्त पोषण आहार की लंबित राशि भी जारी करने को कहा गया। विद्यार्थियों को सात रुपये प्रति छात्र दिए जाते हैं, जिसकी फरवरी और मई से नवंबर तक की राशि लंबित है। शिक्षकों के मेडिकल प्रतिपूर्ति, यात्रा भत्ता और कैरिज बिलों का भुगतान भी जल्द करने को कहा गया। संघ ने आवासीय आयुक्त से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर निर्देश जारी करने का आग्रह किया।