महाविद्यालय में प्राध्यापकों के पदों को भरने की मांग को लेकर प्रशासन से मिलने जाते विद्यार्थी।
- फोटो : Chamba
चंबा। राजकीय महाविद्यालय भलेई में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उपायुक्त चंबा डीसी राणा से मिला। प्रतिनिधिमंडल में शामिल छात्र-छात्राओं ने कॉलेज में तैनात इतिहास के प्राध्यापक का तबादला होने पर रोष जताया। साथ ही सरकार और प्रशासन से मांग की है कि जल्द प्राध्यापक का तबादला रोका जाए, अन्यथा उन्हें मजबूरन उग्र आंदोलन करना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। विद्यार्थियों मनोज कुमार और संजना ने बताया कि कॉलेज में 110 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं लेकिन, कॉलेज में दो ही प्राध्यापक हैं। इनमें से एक प्राध्यापक का तबादला कर दिया गया है। जबकि, कॉलेज में विद्यार्थियों की पढ़ाई से लेकर तमाम व्यवस्थाएं अब एक ही प्राध्यापक के हवाले हैं।
उन्होंने बताया कि भलेई में कॉलेज खुले हुए तीन साल से ज्यादा समय हो चुका है लेकिन, अभी तक कॉलेज में स्टाफ की कमी को पूरा नहीं किया गया है। सरकार की ओर से तैनात प्राध्यापकों का तबादला अन्य कॉलेजों में किया जा रहा है जो सरासर गलत है। विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज का अपना भवन भी नहीं है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी खस्ताहाल भवन में पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं। यह भवन कभी भी गिर सकता है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि जल्द कॉलेज में स्टाफ की तैनाती और भवन मुहैया करवाया जाए अन्यथा उन्हें मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा और वे आमरण अनशन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।