चंबा। नगर परिषद चंबा में आवारा कुत्तों के आतंक से लोग खौफजदा है। हालत यह है कि पिछले एक सप्ताह से आवारा कुत्तों ने शहर और इसके वार्डों में करीब 35 लोगों को काटा है। इस वजह से लोग सड़कों पर चलने से भी कतरा रहे हैं। सभी लोग मेडिकल कॉलेज में अपना उपचार करवा रहे हैं। इसमें बच्चे, नौजवान और बुजुर्ग शामिल हैं।
रोजाना चार से पांच लोग कुत्तों के काटने के बाद एंटी रैबिज का इंजेक्शन लगाने के लिए मेडिकल कॉलेज में पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की डिस्पेंसरी में 35 लोग ऐसे दर्ज हैं, जोकि एंटी रैबिज के इंजेक्शन लगवा रहे हैं।
करियां, मुगला, रजेरा, मुख्य बाजार, सुल्तानपुर और हरदासपुरा में आवारा कुत्तों का आतंक सबसे ज्यादा है। इन इलाकों में रोजाना कुत्तों के झुंड घूमते हुए देखे जा सकते हैं। जोकि किसी भी राहगीर पर झपट पड़ते हैं। ऐसे में प्रशासन और नगर परिषद को आवारा कुत्तों से लोगों को निजात दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता है।
स्थानीय निवासी अशोक कुमार, मनोज कुमार, चैन लाल, सुरेंद्र, भाग चंद, रवि कुमार, प्यार सिंह, योगराज और जितेंद्र ने बताया कि आवारा कुत्तों की संख्या शहर और आसपास के परिक्षेत्र में बढ़ती जा रही है। आवारा कुत्तों को शहर से दूर रखने के लिए नगर परिषद कोई भी उचित कदम नहीं उठा पा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि कुत्तों की समस्या को लेकर उचित कदम उठाए जाएं।