भरमौर-पठानकोट मार्ग पर बत्ती दी हट्टी नामक स्थान के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त कार?
- फोटो : Chamba
भरमौर (चंबा)। भरमौर-पठानकोट एनएच पर बत्ती हट्टी नामक स्थान पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से कार वाशिंग की दुकान सहित एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि दुर्घटना में किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक भडौर निवासी प्रीतम चंद पुत्र निधिया राम भरमौर-पठानकोट एनएच पर बत्ती हट्टी नामक स्थान पर कार वाशिंग की दुकान चलाता है। रोजमर्रा की तरह शनिवार को भी जब वह अपनी दुकान में व्यस्त था तो सुबह करीब 11 बजे एकाएक दुकान पर पहाड़ी से पत्थर गिर गए। इससे दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दौरान सड़क पर खड़ी एक कार भी पत्थरों की जद में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि पहाड़ी से गिरने वाले पत्थरों की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। प्यूहरा पंचायत के पूर्व प्रधान देशराज शर्मा ने कहा कि प्रीतम चंद निर्धन परिवार से ताल्लुक रखता है। एनएच किनारे वह कार वाशिंग की दुकान कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। उन्होंने प्रभावित की हरसंभव सहायता करने की मांग उठाई है।