सुल्तानपुर में महामारी को लेकर लोगो को जागरूक करते प्रेरणा संस्था के साथ डॉ. करण हितैषी।
- फोटो : Chamba
चंबा। प्रेरणा संस्था ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के साथ मिलकर सुल्तानुपर में कोरोना जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत सुल्तानपुर में झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले प्रवासी लोगों को कोरोना संक्रमण के रोकथाम के बारे में बताया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर करण हितैषी ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने चाहिए। मुंह पर घर बाहर जाते समय मास्क जरूर होना चाहिए।
कार्यकारी अधिकारी अक्षित गुप्ता ने झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता के जरिये भी कोरोना को दूर रखा जा सकता है। अपनी झोपड़ियों में गंदगी ना फैलने दें। इसके अलावा कोविड नियमों की पूरी तरह से पालना करें। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से घर-घर से प्लास्टिक का कूड़ा एकत्रित करने का अभियान चलाया गया है।
इस अभियान के तहत वे प्लास्टिक का कूड़ा नप को दे सकते हैं। नप 75 रुपये प्रति किलो के हिसाब से प्लास्टिक का कूड़ा खरीदेगी। प्रेरणा संस्था के अध्यक्ष दीपक भाटिया ने भी लोगों को कोरोना संक्रमण के बचाव के तरीके बताए। कहा कि संस्था की ओर से झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों की हर तरह से मदद की जाएगी। इस मौके पर संस्था के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।