हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एसओएस परीक्षा केंद्र पर की बड़ी कार्रवाई
परीक्षा केंद्र रद्द होने के बाद बाल विद्यालय चंबा में परीक्षा देंगे स्कूल के परीक्षार्थी
संस्थान में चल रहे सिलाई सेंटर को लेकर भी मांगा जवाब, नोटिस जारी : शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर स्थित एक निजी स्कूल की बोर्ड परीक्षा की मान्यता को रद्द कर दिया है। बोर्ड परीक्षा के दौरान अनियमितताएं पाए जाने के बाद स्कूल शिक्षा बोर्ड ने यह कार्रवाई की है। इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से रिपोर्ट तैयार की गई थी।
इसी आधार पर यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से की गई है। दूसरी तरफ, संस्थान में चल रहे सिलाई सेंटर की मान्यता पर भी खतरा मंडरा रहाहै। बोर्ड की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बोर्ड की ओर से इस मामले में पूरी निष्पक्षता बरती जा रही है। अब संस्थान की ओर से जवाब आने के बाद ही बोर्ड आगामी कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार गत दिनों एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती की अगुवाई में उड़दस्ते ने शहर स्थित टॉयनी टोट्स स्कूल में दबिश दी थी। इस दौरान तमाम व्यवस्था जांची। स्कूल में अतिरिक्त लोगों की उपस्थिति पाई गई। परीक्षा के दौरान स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए। अन्य खामियां भी सामने आईं। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने रिपोर्ट तैयार की। इसके आधार पर अब हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इसकी एसओएस मान्यता रद्द कर दी है। साथ ही आगामी जांच जारी है। इसके अलावा संस्थान में चल रहे सिलाई सेंटर को लेकर भी जवाब मांगा है। कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि अनियमितता पाए जाने पर निजी स्कूल की एसओएस मान्यता रद्द कर दी गई है। साथ ही संस्थान में चल रहे सिलाई सेंटर को लेकर भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हाेंने कहा कि जांच के बाद ही अब आगामी कार्रवाई की जाएगी।