चंबा। जिला चंबा में वीरवार को लगातार दूसरे दिन मौसम खराब रहा। ऊंचाई वाले इलाकों में जहां बर्फबारी हुई वहीं, निचले क्षेत्रों में दोपहर के समय हल्की बारिश हुई। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ऊंची चोटियों में चार से पांच इंच तक ताजा हिमपात हुआ है। पांगी उपमंडल की ऊपरी चोटियों में चार से छह इंच जबकि, निचले क्षेत्रों में दो से चार इंच तर्क बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते समूचा जिला चंबा प्रचंड ठंड की चपेट में आया गया है।
तापमान में भारी गिरावट के बाद लोग ठंड में ठिठुरने को मजबूर है। वहीं, जिला मुख्यालय में दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी होने से ठंड बढ़ गई है। गौरतलब है कि इस बार जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में मार्च माह में भी बर्फबारी का क्रम जारी है। करीब दो सप्ताह से बारिश न होने के कारण लोगों को ठंड से राहत मिल गई थी। लेकिन बुधवार को मौसम की करवट के बाद एक बार फिर जिले में प्रचंड ठंड पड़ना शुरू हो गई है।