बिना अनुमति वन्यजीवों को पकड़ने या उनसे छेड़छाड़ करने पर कार्रवाई की चेतावनी
दो स्नेक कैचरों को नोटिस, रेस्क्यू से पहले विभाग को सूचना देना अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। वन्यजीवों की सुरक्षा और सांपों के रेस्क्यू के नाम पर होने वाली अनधिकृत गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने सख्ती बरती है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि उसकी अनुमति और कर्मचारियों की मौजूदगी के बिना कोई भी व्यक्ति सांपों का रेस्क्यू नहीं कर सकेगा। इस संबंध में विभाग ने दो स्नेक कैचरों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है।
नोटिस में दोनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अब तक बिना अनुमति किए गए रेस्क्यू के संबंध में अपना स्पष्टीकरण दें। भविष्य में जहां भी सांप का रेस्क्यू करने जाना हो, वहां सबसे पहले वन विभाग को सूचित करना होगा, ताकि विभाग का कर्मचारी मौके पर मौजूद रह सके। साथ ही सोशल मीडिया पर सांपों को लेकर भ्रामक जानकारी साझा न करने की हिदायत भी दी गई है।
विभाग ने चेताया है कि बिना अनुमति वन्यजीवों को पकड़ने या उनसे छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य वन्यजीवों का संरक्षण सुनिश्चित करने के साथ रेस्क्यू के दौरान लोगों की सुरक्षा बनाए रखना भी है।
उधर, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार ने बताया कि दो स्नेक कैचरों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है। उन्हें निर्देश दिए हैं कि रेस्क्यू के लिए जाते समय वन विभाग के कर्मचारी को साथ लेकर जाएं।