कचरे के ढेर में मंगलवार रात को लगी आग बुधवार शाम तक सुलगती रही
घरों तक पहुंचा धुआं, बार-बार आग लगने से लोग परेशान, कार्रवाई का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हरदासपुरा में शनि मंदिर के पास कचरे में लगी आग ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार शाम करीब सात बजे अज्ञात लोगों ने कचरे में आग लगा दी, जो बुधवार शाम तक सुलगती रही।
धुआं आसपास के घरों तक पहुंचने से लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। आरोप है कि पूरी रात और अगले दिन तक किसी संबंधित विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की पहल नहीं की।
स्थानीय लोगों के अनुसार कचरे में बार-बार आग लगाने की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकला है। उन्होंने आग लगाने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने और कचरे के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग की है। उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि जल्द मौके का निरीक्षण कर नगर परिषद से जवाब मांगा जाएगा।
कचरे से उठने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। धुएं के कारण घरों और आसपास के क्षेत्र में रहना मुश्किल हो रहा है। आग लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। - शम्मी कुमार, स्थानीय निवासी
कचरे में आग लगाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां कई बार कचरे में आग लगाई जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। -करन महाजन, स्थानीय निवासी
बार-बार कचरे में आग लगने के बावजूद इस पर रोक नहीं लग पाना संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। -भविंद्र कुमार, स्थानीय निवासी
शनि मंदिर हरदासपुरा के पास सुलग रहे कचरे से उठता धुंआ। संवाद।