चंबा उपायुक्त कार्यालय सभागार में तंबाकू मुक्त युवा अभियान के शुभारंभ के दौरान मौजूद विभिन्न व
चंबा। खुद के फेफड़े को बीड़ी, सिगरेट पीकर जो लोग खराब करना चाहते हैं, वे करते रहें लेकिन उन्हें दूसरों को बीमारी देने का कोई हक नहीं है। ऐसे लोग समाज के दुश्मन होते हैं। इसलिए पुलिस व स्वास्थ्य विभाग सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करें।
यह निर्देश उपायुक्त ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने एडीएम को भी यह निर्देश दिए कि वे सभी खंड विकास अधिकारियों से रिपोर्ट मांगें कि उनके क्षेत्र में कितने दुकानदारों को तंबाकू बेचने का लाइसेंस जारी किया गया है। लाइसेंस देने में तय मानकों को पूरा किया गया है या नहीं।
उन्होंने कहा कि दो महीने के लिए जिले में यह अभियान चलाया जा रहा है। कैंसर का मुख्य कारण तंबाकू माना जाता है इसलिए उसे रोकने के लिए देश व प्रदेश स्तर पर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने उच्च शिक्षा उपनिदेशक को भी यह निर्देश दिए कि स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में कोई भी तंबाकू न बेचे। इसकी कड़ाई से पालना करवाई जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 30 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए युवाओं से लेकर पंचायत प्रतिनिधियों को भी जागरूक किया जाएगा। इस अभियान के तहत स्कूलों में बच्चों को तंबाकू सेवन के खिलाफ शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बीड़ी, सिगरेट को सिंगल बेचना प्रतिबंधित है। ऐसा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाए। ग्राम सभा की बैठकों में भी इस एजेंडे को शामिल किया जाएगा।