सलूणी (चंबा)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलूणी में अध्यापकों की कमी को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति ने आंदोलन की राह पकड़ ली है। वीरवार को स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों सहित सदस्यों ने क्रमिक अनशन शुरू किया।
सदस्यों में देस राज, अंजु धीमान, रितु सूर्यवंशी, दिनेश राणा, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, सुनील कुमार और अरविंद कुमार ने कहा कि जब तक सरकार की ओर से रिक्त पदों को भरा नहीं जाता है, तब तक वे आंदोलनरत रहेंगे। क्रमिक अनशन की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर ओर नायब तहसीलदार डीसी राणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पदाधिकारियों को आश्वासन दिया, मगर सदस्यों ने स्पष्ट कहा कि जब तक अध्यापकों की तैनाती नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। बताया कि स्कूल में प्रिंसीपल, रसायन, बॉयोलॉजी, ज्योग्राफी, टीजीटी आर्टस्, फिजीक्स, पीईटी लगभग दस सालों से खाली है। उन्होंने बताया कि इस बारे वे पहले भी मांग कर चुके हैं मगर सरकार और विभाग ने कोई उचित कदम नहीं उठाया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द स्कूल में अध्यापकों की तैनाती की जाए। वहीं, विधायक डीएस ठाकुर ने कहा कि यह मामला सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। अगर अध्यापकों की तैनाती नहीं होती है तो वे भी सदस्यों के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। संवाद