चंबा के एसडीएम कार्यालय में स्मार्ट मीटर में भड़की आग।संवाद
चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह के तीसा स्थित एसडीएम कार्यालय में शुक्रवार सुबह एक स्मार्ट मीटर में आग लगने का मामला सामने आया। घटना के समय कार्यालय कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मुख्य बिजली कनेक्शन काट दिया और मेन स्विच बंद कर दिया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। हालांकि इस दौरान लोगों में अफरा-तफरी मची रही।
जानकारी के अनुसार आग लगने से मीटर के पास की वायरिंग जल गई। घटना की सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर बिजली आपूर्ति बहाल की। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
उल्लेखनीय है है कि जिला चंबा में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चल रहा है। इससे पूर्व भी जिले के राजपुरा और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में स्मार्ट मीटर से संबंधित तकनीकी खराबी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि इन मामलों की जांच जारी है।
बिजली बोर्ड एक ओर जहां स्मार्ट मीटर को आधुनिक और पारदर्शी व्यवस्था बता रहा है, वहीं हालिया घटनाओं के बाद लोगों में कुछ सवाल भी उठ रहे हैं। बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी मीटरों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जांच की जा रही है।
उधर, सहायक अभियंता अमीर चंद ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों और संबंधित कंपनी को दे दी गई है। कंपनी इस मामले की जांच करेगी। बोर्ड की ओर से भी तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है।