दो असिस्टेंट प्रोफेसर को भी मिला एसोसिएट प्रोफेसर का पद, रिक्त पदों पर नई तैनाती की उम्मीद
लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे चिकित्सकों को मिली राहत, विभिन्न विभागों को मिले वरिष्ठ विशेषज्ञ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के छह चिकित्सकों को सरकार ने पदोन्नति दी है। इनमें चार एसोसिएट प्रोफेसर से प्रोफेसर बने हैं, जबकि दो असिस्टेंट प्रोफेसर से एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नत हुए हैं। सरकार ने हाल ही में इसके आदेश जारी किए हैं।
हड्डी रोग विभाग के डॉ. मानिक सहगल, एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. सालोनी, बाल रोग विभाग के डॉ. आरके सूर्या और त्वचा रोग विभाग की डॉ. रितु को प्रोफेसर बनाया गया है। वहीं, माइक्रोबायोलॉजी विभाग की डॉ. श्वेता और दंत रोग विभाग के डॉ. अरुण नेगी को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नति मिली है। सभी चिकित्सक लंबे समय से इस आदेश का इंतजार कर रहे थे।
पदोन्नति के बाद कॉलेज के विभिन्न विभागों में वरिष्ठ चिकित्सकों को नई जिम्मेदारी मिली है। साथ ही उनके पुराने पद रिक्त होने से नए डॉक्टरों की तैनाती का रास्ता भी खुलेगा। सरकार इन पदों पर जल्द नियुक्तियां कर सकती है। मेडिकल कॉलेज पर जिले की करीब छह लाख आबादी की स्वास्थ्य सेवाओं का जिम्मा है। ऐसे में रिक्त पदों पर नई तैनाती से विभागों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।
उधर, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने छह चिकित्सकों की पदोन्नति की पुष्टि करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार और विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं।