चंबा रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर भाई की कलाई में राखी बांधती बहन।स्रोत जागरूक पाठक
चंबा। भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और जीवनभर रक्षा करने का बचन लिया। बहनों ने रक्षाबंधन पर्व पर सुबह पहले मंदिरों में भगवान को राखी अर्पण की।
उसके उपरांत पूजा की थाली में कुमकुम आदि सामग्री सजाकर, अक्षत तिलक लगाकर भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाई। वहीं भाइयों ने भी रक्षा का बचन देकर बहनों को उपहार स्वरूप कपड़े, आभूषण आदि भेंट किए। रक्षाबंधन के अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में बहनों ने निशुल्क यात्रा का लाभ भी उठाया।
अधिकांश बसों में महिलाएं अपने बच्चों के साथ आवाजाही करती नजर आईं। भाई-बहन के पवित्र प्रेम के इस त्योहार में बहनों ने अपने भाइयों के लिए नई-नई किस्मों की राखियां खरीदीं। रक्षाबंधन पर्व पर नन्हे-मुन्ने बच्चों में भी अलग प्रकार का उत्साह देखने को मिला। अल सुबह ही बच्चे नहा-धोकर नए कपड़े पहनकर राखी पहनाने के लिए तैयार हो गए।
वहीं दोपहर बाद राखियां बंधवाने के बाद युवा एक-दूसरे की राखियां निहारते भी नजर आए। गौरतलब है कि रक्षाबंधन पर्व को लेकर जिलेभर के बाजार बीते एक सप्ताह से गुलजार थे। इस बार बाजारों में नए-नए डिजाइनों की राखियां आकर्षण का केंद्र रहीं।