बिल्ला गांव को सड़क से जोड़ने के लिए विधायक से मिलते कंधवारा पंचायत के बिल्ला गांव के लोग: जागर
- फोटो : संवाद
विधायक डीएस ठाकुर से मिले ग्रामीण, बोले- आज भी पैदल लग रही दौड़
पालकी ही है एकमात्र सहारा, जंगल के रास्ते से गुजरना हो जाता है मुश्किल
विधायक बोले- जांच करवाएंगे कहां गया पैसा, सड़क बनाने का भी आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। साहब... आपने चार माह पहले कंधवारा के बिल्ला गांव को सड़क से जोड़ने के लिए पांच लाख रुपये की राशि जारी की थी। आज तक न तो सड़क बनी और न ही राशि का कुछ पता चला।
गांव सड़क से वंचित है। ग्रामीणों को पैदल ही चार किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ रही है। इस मांग को लेकर बिल्ला गांव के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर से मिला। ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपा और उनके समक्ष अपनी समस्याएं भी रखीं।
ग्रामीणों में राम सिंह, किशन सिंह, हेम राज, बृज लाल, यशवत, गुलाब और नेक राम ने विधायक से मिलकर अपनी परेशानियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी कठिन है। पालकी ही उनका एकमात्र सहारा है। बिल्ला गांव में लगभग 200 परिवार रहते हैं। ऐसे में जंगल के रास्ते से गुजरना काफी मुश्किल हो रहा है। डीएस ठाकुर ने कहा कि राशि कहां खर्च हुई, इसकी तुरंत जांच बीडीओ सलूणी से करवाई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन भी दिया।