एनएचपीसी लिमिटेड के चमेरा चरण द्वितीय पावर स्टेशन प्रमुख ने सौंपा चेक
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए प्रदान की धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। एनएचपीसी लिमिटेड के चमेरा चरण द्वितीय पावर स्टेशन ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज फरहान मिर्जा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए 13.60 लाख की आर्थिक सहायता दी है।
पावर स्टेशन प्रमुख ने उन्हें सहायता राशि का चेक भेंट किया। जर्मनी निर्मित वाल्थर केके 500 विशेषज्ञ .22 एलआर राइफल और संबंधित एम्युनिशन की खरीद के लिए सहयोग किया गया है। साथ ही आधुनिक शूटिंग किट एवं आवश्यक उपकरणों के लिए भी वित्तीय सहायता स्वीकृत की है।
एनएचपीसी की ओर से वर्ष 2023 से फरहान मिर्जा की मदद की जा रही है। पहले भी संस्था के सहयोग से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और संस्था का गौरव बढ़ाया था। दक्षिण कोरिया में आयोजित एशियाई निशानेबाजी प्रतियोगिता में 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा था। उन्होंने राज्य स्तर पर चार स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय स्तर पर दो पदक जीते हैं। उत्कृष्ट रैंकिंग के आधार पर उनका चयन ईएसएसएफ जूनियर विश्व कप के लिए हुआ है। काहिरा (मिस्र) में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रायोजन प्रस्ताव के तहत पांच वर्षों तक फरहान मिर्जा विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एनएचपीसी का लोगो युक्त परिधान धारण करेंगे। विभिन्न मंचों और मीडिया माध्यमों में ब्रांड एंबेसेडर के रूप में संस्था का प्रतिनिधित्व करेंगे। पावर स्टेशन प्रमुख ने फरहान को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि फरहान आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।