चुवाड़ी(चंबा)। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन के अवसर पर चुवाड़ी में खुशियां बनाई गई। इस मौके पर पटाखे फोड़े गए तो वहीं मिठाइयां भी बांटी गई।
विश्व हिंदू परिषद प्रखंड चुवाड़ी ने अभिनय सोंधी की अध्यक्षता में हनुमान मंदिर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। सबसे पहले सदस्यों ने मंदिर में दीप ज्योति का कार्यक्रम किया। इसमें सभी सदस्यों ने पांच-पांच दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में 108 बार विजय महामंत्र श्रीराम, जयराम और जय-जय राम का पाठ किया गया। इसके बाद परिसर के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
इस मौके पर अभिनय सोंधी ने कहा की आज देश के करोड़ों राम भक्तों का सपना पूरा होने जा रहा है। मंदिर के निर्माण का सपना संजोये कई महान विभूतियों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। आज का यह दिवस स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा और इतिहास में यादगार रहेगा।
इस पावन अवसर पर चुवाड़ी में सरकार के सामाजिक नियमों का पालन करते हुए कीर्तन कार्यक्रम भी किया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खुशी में पटाखे भी चलाए।
इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद जिला नूरपुर उपाध्यक्ष मदन धीमान, प्रखंड पालक कमलेश खत्री, मंत्री कुलदीप कौशल, उपाध्यक्ष कैप्टन उत्तम चंद, सहमंत्री शाम धीमान, अर्चक पुरोहित रोहित शर्मा, चालीसा प्रमुख मुनिष चंबियाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुदेश धीमान, अनिल शर्मा, सुरेंद्र वर्मा, उपाध्यक्ष शशि कपूर, कालू, सुरजीत गोस्वामी सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।