चंबा। महिला साहित्यकार संस्था की चंबा इकाई ने राज्य स्तरीय लघु कथा वाचन का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य डाॅ. इंदु पराशर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांत अध्यक्ष डॉ. रीता सिंह ने की। कार्यक्रम में चार जिलों से चयनित महिला लघु कथाकारों ने भाग लिया। इनमें कांगड़ा से राका कौल, ऊना से संतोष, बिलासपुर से कविता सिसोदिया और शिमला से डॉ. सरोज भारद्वाज शामिल रहीं। जिला महिला साहित्यकार संस्था की अध्यक्ष डॉ. कविता बिजलवान ने कार्यक्रम का संचालन किया। सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट लघु कथाएं प्रस्तुत कीं। मुख्य अतिथि इंदु पराशर ने लघु कथा वाचन शृंखला के आयोजन की इस पहल को सराहनीय बताया। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. रीता सिंह ने सभी प्रतिभागियों की ओर से प्रस्तुत लघु कथाओं की विवेचना की। उन्होंने महिला साहित्यकार संस्था के उद्देश्यों और कार्यों को लेकर भी जागरूक किया। बताया कि पांच लघु कथा शृंखलाओं का आयोजन बिलासपुर इकाई ने किया गया। अब यह शृंखला पांच सप्ताह तक जिला चंबा द्वारा आयोजित की जाएगी। तीन शृंखलाएं जिला चंबा पहले ही आयोजित कर चुका है। डॉ. कविता बिजलवान ने बताया कि जितनी भी लघु कथाएं प्रतिभागियों की ओर से सुनाई जाएंगी, उनका संकलन तैयार कर शीघ्र ही उन्हें प्रकाशित भी किया जाएगा।