चंबा। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच लोग कोविड नियमों की सही तरीके से पालना नहीं कर रहे हैं। जिले में अब हर रोज कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। जिले में कई दुकानदार बिना मास्क सामान बेच रहे हैं। इससे वे दूसरों की जिंदगी से भी खिलवाड़ कर रहे हैं।
शुक्रवार को संवाददाता ने बस अड्डे और दुकानों में जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। सुल्तानपुर में दोपहर 12 बजे के करीब एक निजी बस में यात्री बिना मास्क सफर करते देखे गए। कुछ सवारियों ने मास्क तो पहना था लेकिन इसे नाक से नीचे पहना था। इसके बाद 12 बजकर 48 मिनट पर न्यू बस अड्डा चंबा में कुछ दुकानदार कोरोना नियमों को दरकिनार करते दिखे। दुकानदार बिना मास्क और ग्लब्स पहने लोगों को सामान बेचते पाए गए। कुछ लोग ही मास्क पहन कर आवाजाही करते दिखे। हालांकि, प्रशासन ने दुकानदारों से नो मास्क नो सर्विस का आह्वान तो किया है लेकिन दुकानदार
खुद मास्क पहनने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। बहरहाल, कोरोना की दूसरी लहर से खतरा बढ़ता जा रहा है।
लोगों की लापरवाही से बिगड़े हालात
वहीं, आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो पिछले दो सप्ताह में करीब 36 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। जिला कोरोना मुक्त होने की दहलीज पर था लेकिन, लोगों की लापरवाही से मामले बढ़ गए।
प्रशासन की ओर से जारी नो मास्क नो सर्विस को भी लोग फॉलो नहीं कर रहे हैं। अगर जल्द प्रशासन ने दुकानदारों पर शिकंजा नहीं कसा तो कोरोना से हालात और बिगड़ सकते हैं।
दुकानदारों के खिलाफ होगी कार्रवाई : डीसी
उपायुक्त डीसी राणा का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर से बचने के लिए दुकानदारों को नो मास्क नो सर्विस की व्यवस्था के तहत कार्य करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि अगर दुकानदार खुद मास्क नहीं पहन रहे हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूरी बनाएं और नियमित रूप से मास्क पहनें।