क्षेत्रीय अस्पताल चंबा के नजदीक नगर परिषद की मंजूरी के बगैर दुकान का साइज बढ़ाने पर नगर परिषद ने कार्रवाई की है।
कार्यवाहक ईओ अमन राणा की देखरेख व पुलिस की निगरानी में नगर परिषद के कर्मचारियों ने दुकान की दीवार उखाड़ दी। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल दुकान के बाहर मौजूद रहा। अमन राणा ने बताया कि नगर परिषद की ओर से अस्पताल के पास दवा विक्रेता को एक खोखा जारी किया गया था।
दुकानदार अपनी मर्जी से इस खोखे का साइज बढ़ा रहा था। जिसके लिए उसने दोनों तरफ ईंट की पक्की दीवारें खड़ी कर दी थी। सोमवार को इसकी शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद कर्मचारियों ने पुलिस की मदद से मौके पर जाकर दीवार गिरा दी।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद ने दुकान आबंटन के समय सभी खोखा धारकों के लिए नियम तय कर दिए थे। इन नियमों के बाहर जाकर खोखे का विस्तार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने अन्य दुकानदारों को भी हिदायत दी है कि नगर परिषद की ओर से जो नियम बनाए गए हैं, उनका पालन करें।
उधर, इस कार्रवाई के दौरान लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। इस बारे में नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने बताया कि नप अधिकृत क्षेत्र में किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। अनियमितता बरतने वाले पर नियमानुसार जुर्माना करने का प्रावधान है।