चंबा। शिवरात्रि पर जिले भर के मंदिरों में खूब रौनक रही। शिव मंदिर फूल मालाओं से दुल्हन की तरह सजाए गए थे। मंदिरों में शिव नुआले के साथ हवन पूजा का आयोजन भी किया गया। प्रदेश भर में विख्यात भरमौर में स्थित धर्मराज मंदिर और साहो स्थित चंद्रशेखर मंदिर में शिवरात्रि को लेकर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इन मंदिरों में भक्तों की इतनी ज्यादा भीड़ रही कि भक्तों को भगवान शंकर के शिवलिंग के दर्शन करने के लिए घंटों लाइन में खड़े होना पड़ा। सुबह से लेकर शाम तक मंदिरों में शिव भक्तों की कतारें लगी रहीं। साहो में चंद्रशेखर मंदिर में स्थानीय लोगों ने मक्की की फसल का एक भाग भोलेनाथ के चरणों में अर्पित किया। यह परंपरा साहो में सदियों से चली आ रही है।
भरमौर और साहो के अलावा जिले के अन्य शिव मंदिरों में भी शिवरात्रि को लेकर पूजा-अर्चना हुई। लोगों ने विभिन्न स्थानों पर फल बांटे। लोगों ने भोले शंकर के नाम का व्रत रखा। महाशिवरात्रि के मौके पर पूजन गुप्ता की अगुवाई में आरोहनम के सदस्यों ने गांधी चौक स्थित रघुनाथ मंदिर में शिव पार्वती की विधिवत पूजा अर्चना की। इसके पश्चात नागरिक अस्पताल डलहौजी और गांधी चौक में प्रसाद वितरित किया। इस मौके पर तनिष्क भल्ला, समर भल्ला, आर्यन शर्मा, गर्व गंडोत्रा, पृथ्वीराज मौजूद रहे।
हर-हर महादेव प्रबंधन समिति डलहौजी की ओर से शिवरात्रि पर सुभाष चौक पर भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें भारी संख्या में स्थानीय निवासियों और पर्यटकों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर अमित गिल, चंदन, विजय कुमार, कार्तिक, गोनी, धीरज, सुमित, आशीष, अमित, साहिल, सचिन, संजीव पठानिया, मनोज, अरुण, राकेश गुप्ता और करण ने भंडारे के दौरान भरपूर सेवा दी गई।
उपमंडल भरमौर स्थित चौरासी परिसर में विराजमान मणिमहेश शिवलिंग को पवित्र महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर फूल-मालाओं के साथ सुसज्जित किया गया। शुक्रवार को अल सुबह से मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। दोपहर को शिव दर्शन के लिए लोगों को कतारों में पहुंचना पड़ा।