तीसा (चंबा)। जेएंडके की सीमाओं के साथ लगती चुराह विधानसभा क्षेत्र की सुरक्षा चौकियों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से चाकचौबंद होगी। सुरक्षा चौकियां अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग को बढ़ाएंगी। वर्तमान समय में सुरक्षा चौकियों का जिम्मा हिमाचल प्रदेश पुलिस बटालियन के जवानों के कंधों पर है।
मंगलवार को पुलिस थाना तीसा में आयोजित अपराध बैठक में पुलिस उप अधीक्षक मयंक चौधरी ने दक्कन पुलिस चौकी प्रभारी को निर्देश दिए। कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए यदि उन्हें रात के समय भी किसी अज्ञात व्यक्ति के सीमा में प्रवेश करने की सूचना मिलती है तो वह मौके पर पहुंचें और व्यवस्था का जायजा लें। पुलिस उप अधीक्षक सलूणी/तीसा ने पुलिस थाने और चौकियों में लंबित केसों को जल्द सुलझाने और मामले में चार्ज शीट करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान थाने और चौकियों में विकासात्मक कार्यों को करवाने के बारे में भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान पंचायत प्रधानों की ओर से की गई शिकायतों और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर हुई शिकायतों को डीएसपी ने सुना और उनके निदान करने संबंधी निर्देश जारी किए। पुलिस उप अधीक्षक ने थाना और चौकी प्रभारियों को लोगों के साथ तालमेल बनाकर कार्य करने की बात कही। बैठक के बाद पकड़ी गई अवैध शराब को नष्ट किया गया।