चुवाड़ी (चंबा)। एसडीएम ने भटियात उपमंडल के तहत 14 पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर व्यवस्था जांची। आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में मौजूद स्टाफ को निर्देश दिए कि वे लोगों को कोरोना महामारी की रोकथाम और बचाव के बारे में जागरूक करें। साथ ही स्वेच्छा से कोविड टेस्टिंग के लिए प्रेरित करें।
जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत चुवाड़ी, तुरकड़ा, बनेट, साडल, रायपुर, जंद्ररोग, परछोड़ आदि को प्रशासन ने कोरोना के मामले बढ़ने के बाद कंटेनमेंट जोन बना दिया है। इन पंचायतों में कर्फ्यू बंदिशें लगाई गई हैं। यहां लोगों को तीन घंटे की कर्फ्यू ढील भी नहीं दी गई है।
निरीक्षण में व्यवस्था जांची गई कि कहीं कोई दुकान खुली तो नहीं या लोग घरों से बाहर तो नहीं निकल रहे। एसडीएम बचन सिंह ने बताया कि निरीक्षण कर व्यवस्था जांची गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई निर्देशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।