जिला भर के शीतकालीन स्कूलों में सोमवार से शुरू हो रही वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र उपनिदेशक कार्यालय में पहुंच गए हैं।
नौंवी कक्षा के इन प्रश्नपत्रों को विभाग स्कूलों के सुपुर्द कर रहा है। लेकिन अभी भी कई सरकारी व गैर सरकारी स्कूल ऐसे हैं जिन्होंने प्रश्नपत्र नहीं लिए हैं। शिक्षा विभाग ने इन सभी स्कूल प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शनिवार को हर हाल में उपनिदेशक कार्यालय से प्रश्नपत्र हासिल कर लें। गौरतलब है कि शीतकालीन स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं दिसंबर माह में आयोजित होती हैं। बोर्ड परीक्षाओं को छोड़कर अन्य सभी कक्षाओं के छात्र सोमवार से परीक्षा में बैठेंगे।
नौंवी कक्षा के प्रश्नपत्र इस बार शिक्षा बोर्ड से छपकर आए हैं। उपनिदेशक कार्यालय का दावा है कि प्रश्नपत्रों के स्कूल पहुंचते ही प्रभारियों को इन्हें हासिल करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन लेटलतीफी की वजह से अभी भी कई स्कूल प्रभारी प्रश्नपत्र लेने में देरी कर रहे हैं। उपनिदेशक कार्यालय के वरिष्ठ सहायक प्रदीप सहगल ने बताया कि स्कूल प्रभारियों को शनिवार तक हर हाल में प्रश्नपत्र हासिल करने होंगे। सोमवार से परीक्षाएं शुरू होनी हैं। यदि समय पर प्रश्नपत्र नहीं मिले तो छात्र परीक्षा नहीं दे पाएंगे। उन्होंने शिक्षा बोर्ड से संबद्धता वाले निजी स्कूल प्रभारियों को भी जल्द से जल्द कार्यालय आने के निर्देश दिए हैं।