घड़ेतरा स्कूल का निर्माण पूरा करवाने के लिए जिप सदस्य ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
दो कमरे बने, लेकिन भवन अधूरा होने से नहीं मिल रहा विद्यार्थियों को लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शिक्षा खंड सलूणी की ग्राम पंचायत भसुआ स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला घड़ेतरा का भवन करीब 10 से 12 वर्षों से अधूरा पड़ा है। स्कूल का निर्माण पूरा न होने के कारण 47 विद्यार्थियों को निजी मकान में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
लंबे समय से पेश आ रही इस समस्या के समाधान के लिए किहार वार्ड की जिला परिषद सदस्य कमली योगी ने उपायुक्त चंबा को ज्ञापन सौंपकर भवन का शेष कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग उठाई है।
कमली योगी ने कहा कि स्कूल भवन में दो कमरे बन चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य पूरा न होने से विद्यार्थियों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्हें निजी मकान में पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने उपायुक्त और शिक्षा विभाग से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए अधूरे भवन का निर्माण जल्द पूरा करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने से विद्यार्थियों को अपने विद्यालय में पढ़ाई की सुविधा मिलेगी और निजी मकान में कक्षाएं लगाने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा।