बाल अधिकारों, पॉक्सो और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होंगे विद्यार्थी
छह विषयों पर शिविर लगाकर बच्चों को करेंगे जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों में 27 से 31 अक्तूबर तक सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की पहल और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और बाल शोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
डीएलएसए चंबा के सचिव एकांश कपिल ने बताया कि 26 अक्तूबर को वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में विद्यालयों में अवकाश होने के कारण शिविर 27 अक्तूबर से शुरू होंगे। जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण- हर बच्चे का अधिकार विषय पर आधारित अभियान में छह प्रमुख विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। इनमें मेरा बचपन, मेरा अधिकार, कानून जानो, बचपन बचाओ, सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन, बोलो, बताओ, बचाओ, न बाल विवाह, न बाल शोषण और जागरूक बचपन, सशक्त भारत शामिल हैं।
अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों और नामित संसाधन व्यक्तियों की ओर से जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), ऑनलाइन सुरक्षा और शोषण की घटनाओं की शिकायत करने की प्रक्रिया बताई जाएगी। बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता एवं संरक्षण सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
मदद के लिए हेल्पलाइन नंबरों की देंगे जानकारी
सचिव ने बताया कि बच्चों को जरूरत पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, नालसा विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 और साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने के बारे में बताया जाएगा। अभियान के माध्यम से विद्यालयों, परिवारों और समाज की भागीदारी से बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने और उन्हें शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।