चंबा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के दायरे में आने वाले माणी और मसरूंड क्षेत्र में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए। इनमें चाय पत्ती, चावल, सरसों तेल और पैकेट बंद दूध शामिल हैं। इन खाद्य पदार्थों की विभागीय प्रयोगशाला में जांच की जाएगी।
प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मंजीत जरयाल और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद की अगुवाई में जब टीम इन क्षेत्रों में पहुंची तो ढाबे और चाय वालों के होश उड़ गए। उन्होंने सबसे पहले ढाबों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संचालकों को कोविड नियमों की पूरी तरह से पालना करने के आदेश भी दिए। दुकानदारों को मास्क लगाकर सामान बेचने की हिदायत दी गई।
इसके अलावा उन्होंने किराना दुकानों में जाकर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए विभागीय प्रयोगशाला में भेजा गया है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मंजीत जरयाल ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।