अंकुश शर्मा की हुई नियुक्ति, 30 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
विद्यालय में शिक्षक की कमी से प्रभावित पढ़ाई अब होगी निरंतर सुचारू
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलूणी में करीब पांच वर्षों बाद टीजीटी साइंस शिक्षक की नियुक्ति होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।
शिक्षा विभाग ने अंकुश शर्मा को टीजीटी साइंस के पद पर नियुक्त के आदेश जारी किए हैं। इससे स्कूल के 30 से अधिक विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबे समय से प्रभावित विज्ञान विषय की पढ़ाई अब नियमित रूप से संचालित हो सकेगी। प्रधानाचार्य संजय शर्मा ने बताया कि टीजीटी साइंस शिक्षक की नियुक्ति के आदेश प्राप्त हो गए हैं। शिक्षक के कार्यभार संभालने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और विज्ञान विषय की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।
गौरतलब है कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर बीते दिनों स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने अनशन शुरू किया था। इसके बाद यह मामला प्रमुखता से उठाया गया और अब टीजीटी साइंस शिक्षक की नियुक्ति होने से लोगों में खुशी का माहौल है। एसएमसी सदस्यों दिनेश राणा, अर्जुन धीमान, बिंद्रा देवी और देस राज ने विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शिक्षा मंत्री और विधायक का आभार जताया है।