बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों ने सरकार से उठाई मांग, कहा-लंबे समय से नहीं हुई भर्ती
जिले में भी 29 पदों को बढ़ाकर 100 करने की सरकार से उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों ने सरकार से बैचवाइज भर्ती में पदों की संख्या 355 से बढ़ाकर 600 करने की मांग की है। जिले में निर्धारित 29 पदों को बढ़ाकर 100 करने की भी मांग की है।
शिक्षकों ने कहा वर्षों से भर्ती न होने के कारण बड़ी संख्या में प्रशिक्षित अभ्यर्थी रोजगार से वंचित हैं। बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों अनूप, उमेश कुमार, बबीता, राकेश, सुजाता, मनीष कुमार, अरुण सिंह, विजय कुमार, अजीत कुमार, संतोष कुमार, कंचन देवी, चेतन शर्मा और जीवन सिंह ने कहा कि वर्ष 2019 के बाद प्रदेश में शारीरिक शिक्षकों की नियमित भर्ती नहीं हुई है। हजारों प्रशिक्षित युवा नियुक्ति की राह देख रहे हैं।
सरकार को रिक्त पदों का वास्तविक आकलन कर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि शारीरिक शिक्षकों की तैनाती प्रदेश के बजाय जिला स्तर पर की जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर नियुक्तियां होने से स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी और स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता भी बेहतर होगी। दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को अनावश्यक स्थानांतरण जैसी समस्याओं का भी सामना नहीं करना पड़ेगा। बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों ने सरकार से उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि लंबे समय से भर्ती नहीं होने के कारण युवाओं में निराशा बढ़ रही है।