चंबा चौगान में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
सदर विधायक नीरज नैयर ने किया खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ऐतिहासिक चंबा चौगान में शुरू हुई जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान खो-खो में सलूणी ने बनीखेत को हराया। दूसरे मैच में सेंट्रल जोन द्वितीय ने भरमौर को शिकस्त दी। तीसरे मैच में सेंट्रल जोन प्रथम ने भटियात को हराया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में भरमौर ने सलूणी को हराया, जबकि दूसरे मैच में चुराह ने सेंट्रल जोन द्वितीय को हराया। कबड्डी के पहले मैच में सेंट्रल जोन द्वितीय ने भटियात को हराया। दूसरे मैच में चुराह जोन ने भरमौर को पराजित किया। यह जानकारी सहायक शारीरिक शिक्षा अधिकारी चंबा योगेश चौणा ने दी।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में सात जोनों के 530 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। बताया कि शुभारंभ मौके पर सदर विधायक नीरज नैयर विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने विधिवत रूप से खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों बारे भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में जहां शिक्षा का महत्व है तो वहीं, दूसरी तरफ खेलों की भी अपनी ही महत्ता है। खेलों में भाग लेने से शारीरिक और मानसिक बढ़ती है। साथ ही प्रतिस्पर्धा की भावना जागरूक होती है। इससे पहले उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया है कि वे खेल भावना से खेलों में विद्यार्थी भाग लें। इस मौके पर ओएसडी उमाकांत आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।