चंबा। जुलाहकड़ी क्षेत्र में कुछ दुकानदार नियमों को ठेंगा दिखाकर सड़क के किनारे कचरा इकट्ठा कर खुलेआम जला रहे हैं। इससे निकलने वाले धुएं से पर्यावरण तो प्रदूषित हो ही रहा है, साथ ही स्वच्छता अभियान भी कमजोर पड़ रहा है। इस बीच प्रशासन और संबंधित विभाग अभी तक इस खुले उल्लंघन पर कोई कार्रवाई करने में नाकाम नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस कचरे में प्लास्टिक समेत अन्य हानिकारक सामान भी शामिल होता है। इसे सुबह के समय टेलीफोन के खंभे के साथ ढेर बनाकर जला दिया जाता है। इससे जहां वातावरण प्रदूषित हो रहा है, वहीं खंभों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
हैरानी की बात यह है कि जिस मार्ग से रोजाना प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी गुजरते हैं, वहीं पर खुलेआम यह कृत्य किया जा रहा है। बावजूद इसके अभी तक किसी दुकानदार के खिलाफ कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दिवाली नजदीक आने के चलते दुकानदारों ने बड़े पैमाने पर सामान मंगवाया है। ऐसे में यदि इस वेस्ट को जलाने का सिलसिला जारी रहा तो प्रदूषण का स्तर पटाखों के जलने से पहले ही खतरनाक स्थिति में पहुंच सकता है।
कार्रवाई की जाएगी
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि खुले में कचरा जलाने वाले दुकानदारों की पहचान की जा रही है। जल्द ही नियमानुसार उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुल्तानपुर में चिह्नित स्थल को पूर्ण रूप से कचरा मुक्त किया जाएगा : उपायुक्त
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025 के अंतर्गत सुल्तानपुर में चिह्नित स्थल को पूर्ण रूप से कचरा मुक्त किया है। यहां निरंतर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति वहां कचरा न फेंके। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति साफ किए गए क्षेत्र में कचरा डालते हुए पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अन्य गंदगी प्रभावित स्थलों को भी चिह्नित कर साफ किया जाएगा और वहां भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे।